भारत को बड़ा झटका: हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर

क्वाड्रिसेप्स इंजरी के चलते नहीं खेल पाएंगे तीन मैचों की सीरीज, टीम संतुलन पर असर

 Anirudh Narayan, Intern

भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, हार्दिक पांड्या को फिटनेस आकलन के दौरान क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में खिंचाव आ गया, जिसके चलते उन्हें कम से कम तीन सप्ताह के आराम की जरूरत है। ऐसे में उनका इस सीरीज में खेलना संभव नहीं है।

पांड्या पहले ही आईपीएल के दौरान पीठ की समस्या से जूझ रहे थे और उसी के चलते वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गेंदबाजी अभ्यास करते समय उन्हें नई चोट लगी।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जून से धर्मशाला में शुरू होगी, जबकि अन्य मुकाबले लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे।

हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी टीम इंडिया के संतुलन पर सीधा असर डाल सकती है, क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अहम भूमिका निभाते हैं। पहले ही विराट कोहली चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हैं, जिससे भारतीय टीम की चुनौतियां और बढ़ गई हैं।

चयनकर्ताओं के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती पांड्या के विकल्प को लेकर है, जो टीम के संयोजन को संतुलित रख सके। यह सीरीज आगामी बड़े टूर्नामेंट्स की तैयारी के लिहाज से भी काफी अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *