‘मंगल मिलन’ में पीएम मोदी का NDA सांसदों ने किया स्वागत, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के लगाए नारे

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को NDA सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत किया। संसद परिसर स्थित लाइब्रेरी में आयोजित सत्तारूढ़ गठबंधन की साप्ताहिक संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में प्रधानमंत्री के पहुंचते ही सांसदों ने तिरंगा लहराते हुए ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।

पीएम मोदी ने भी लहराया तिरंगा

प्रधानमंत्री मोदी ने NDA सांसदों के अभिवादन का जवाब देते हुए स्वयं तिरंगा हाथ में लेकर सांसदों की ओर लहराया। इस दौरान बैठक में NDA के विभिन्न घटक दलों के मंत्री और सांसद मौजूद रहे।

बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और एस. जयशंकर समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

NDA के सहयोगी दलों के नेता भी रहे मौजूद

बैठक में NDA के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता भी शामिल हुए। इनमें जेडी(एस) के एच.डी. कुमारस्वामी, टीडीपी के किंजरापु राम मोहन नायडू, एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और अन्य सहयोगी दलों के मंत्री एवं सांसद शामिल रहे।

जल शक्ति मंत्रालय की प्रस्तुति

‘मंगल मिलन’ के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने मंत्रालय के विभिन्न कार्यों और योजनाओं पर प्रस्तुति दी। इसमें जल संरक्षण, जल प्रबंधन और देश में जल संसाधनों के विकास एवं समन्वित उपयोग से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई।

बैठक के बाद NDA सांसदों का प्रदर्शन

संसदीय दल की बैठक के बाद NDA सांसदों ने संसद के मुख्य द्वार ‘मकर द्वार’ के बाहर प्रदर्शन भी किया। संसद का मौजूदा मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को समाप्त होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *