मंत्री संजय टाइगर के पटना स्थित आवास में बड़ी चोरी, 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख नकद ले उड़े चोर

छठ मनाने गांव गया था परिवार, दो फ्लैटों के आठ कमरों और अलमारियों को खंगाला; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

पटना। बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने अब राज्य सरकार के मंत्री के आवास को ही निशाना बना लिया है। बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित एजी कॉलोनी के पैतृक आवास में बड़ी चोरी की वारदात हुई है। अज्ञात चोर घर से करीब 600 ग्राम सोने के आभूषण, दो किलोग्राम चांदी और सात लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। उस समय मंत्री और उनके परिवार के सदस्य छठ महापर्व के सिलसिले में घर से बाहर थे। मकान खाली होने का फायदा उठाकर चोर अंदर दाखिल हुए और दो फ्लैटों के करीब आठ कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों को खंगाल डाला। घर में रखे कीमती सामान और जेवरात लेकर आरोपी फरार हो गए।

सुबह मिली चोरी की जानकारी

रविवार सुबह करीब आठ से नौ बजे के बीच पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद शास्त्री नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान संख्या बी-20 में मंत्री के भाई का परिवार भी रहता है। घटना के बाद घर के कमरों में सामान बिखरा मिला।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और टावर लोकेशन की भी जांच की जा रही है।

पुलिस गश्ती के बावजूद वारदात

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात इलाके में नियमित गश्ती की जा रही थी। इसके बावजूद चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। सचिवालय-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी साकेत कुमार ने बताया कि मामले की जांच तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर की जा रही है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं से छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *