मुंगेर में सपा ने INDIA गठबंधन में हिस्सेदारी की मांग को लेकर कसा तंज
‘सुशासन’ अब ‘दुशासन’ में तब्दील, जनता को न्याय दिलाने को संघर्ष तेज करेगी सपा – पप्पू यादव
मुंगेर | संवाददाता
जिले में बढ़ती प्रशासनिक अराजकता, जनसमस्याओं और बदहाल सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को शहीद स्मारक भवन, किला क्षेत्र में पार्टी की एक अहम बैठक जिलाध्यक्ष पप्पू यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जहां जिले की मूलभूत समस्याओं पर चिंतन हुआ, वहीं आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर INDIA गठबंधन में समाजवादी पार्टी की स्पष्ट और मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि, “नीतीश कुमार का तथाकथित सुशासन अब सरकारी दुशासन में बदल चुका है। आमजन बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए त्रस्त है। वहीं प्रशासनिक निरंकुशता चरम पर है और अपराध बेलगाम हो चुके हैं।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इन जनमुद्दों पर सड़क से सदन तक आंदोलन छेड़ेगी।
पप्पू यादव ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान राजनीति में आंदोलन की परंपरा खत्म हो चुकी है और नेताओं का ध्यान जनहित से हटकर समीकरणों तक सीमित हो गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुंगेर जैसे ऐतिहासिक जिले को पुनः विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए संघर्षरत दलों को उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने INDIA गठबंधन से मांग की कि आगामी चुनाव में सपा को जिले से मजबूत प्रतिनिधित्व दिया जाए।
बैठक में लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा, सदर प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर मंडल, नगर अध्यक्ष मोहम्मद आजम, जमालपुर नगर अध्यक्ष अमर शक्ति, बरियारपुर प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र यादव सहित कई नेताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि मुंगेर को बार-बार राजनीतिक सौदेबाजी में हाशिए पर डाला गया है। अब वक्त आ गया है जब संघर्षशील ताकतों को तरजीह दी जाए।
नेताओं ने कहा कि एनडीए गठबंधन की गलत नीतियों के खिलाफ मुंगेर की जनता में असंतोष है और अगर INDIA गठबंधन सपा जैसी ज़मीनी पार्टी को सही भागीदारी देता है, तो जिले में राजनीतिक संतुलन बदला जा सकता है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव मिथलेश यादव, प्रवक्ता गणेश पोद्दार, सचिव नकुल यादव, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, गोपाल वर्मा, छड़पन मंडल, दिनेश साहू, कालेश्वर महतो समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि आने वाले दिनों में सपा जनसमस्याओं को लेकर प्रखंड स्तर पर जन आंदोलन की शुरुआत करेगी।