इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का पुल ढहा, 6 की मौत, 30 से अधिक लापता
तलेगांव दाभाड़े के कुंडमाला क्षेत्र में हुआ हादसा, तेज बहाव में बहे लोग, बचाव कार्य जारी

पुणे, 15 जून।
पुणे जिले के मावल तहसील अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुंडमाला में रविवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना लोहे का पुल अचानक ढह गया, जिससे उस पर खड़े दर्जनों लोग नदी में समा गए। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 से 30 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के समय बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक पुल पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल अचानक चरमराने की आवाज के साथ टूटा और देखते ही देखते लोग नदी के तेज बहाव में बह गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन, ग्रामीण स्वयंसेवक और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। इंद्रायणी नदी में बीते दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जलस्तर बढ़ गया है, जिससे राहत कार्यों में काफी कठिनाई आ रही है।

तलेगांव दाभाड़े पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, “हादसे के समय बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन पिछले दिनों हुई भारी वर्षा के चलते नदी का बहाव तेज है, जो बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।”

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, अब तक छह शव नदी से निकाले जा चुके हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए 18 से अधिक एंबुलेंस, दमकल गाड़ियाँ, बचाव वाहन और नावें तैनात की गई हैं। वीडियो फुटेज में देखा गया कि रेस्क्यू टीम के सदस्य तेज बहाव में बचे हुए लोगों की तलाश कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल बहुत पुराना था और उसकी मरम्मत या निरीक्षण समय पर नहीं किया गया था। हर सप्ताहांत पर भारी भीड़ यहां उमड़ती है, ऐसे में इस प्रकार की लापरवाही प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, वहीं पुल के गिरने की जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित करने की तैयारी चल रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *