गुवाहाटी के होटल में खूनी खेल! एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 5 की गोली मारकर हत्या, लीज विवाद में वारदात

गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी में होटल के बाहर सोमवार रात हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी ने सनसनी फैला दी। इस हमले में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से घायल है। पुलिस ने होटल के लीजधारक घनकांता गोगोई को घटना के करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

होटल लीज को लेकर विवाद का शक

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 9 बजे बोरा सर्विस इलाके स्थित होटल बिलास इन के पास हुई। शुरुआती जांच में होटल के मालिकों और लीजधारक के बीच संपत्ति एवं लीज समझौते को लेकर विवाद सामने आया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और गोलीबारी के वास्तविक कारण की पड़ताल जारी है।

6 लोगों को लगी गोली, 5 ने तोड़ा दम

गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के अनुसार गोलीबारी में कुल छह लोग घायल हुए थे। इनमें से पांच की बाद में मौत हो गई, जबकि एक घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां मृतक और घायल व्यक्ति भी उसी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए होटल के लीजधारक घनकांता गोगोई को करीब एक घंटे में पकड़ लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब गोलीबारी से पहले हुए विवाद और वारदात के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है।

एक घायल की हालत स्थिर

गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक घायल सत्येंद्र पाठक की उम्र 42 वर्ष है। उन्हें गोली लगी है, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में नारायण दास नामक करीब 48 वर्षीय व्यक्ति की भी पहचान हुई है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने गुवाहाटी की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से घटना की जिम्मेदारी लेने और मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।

TWM News | गुवाहाटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *