मुंगेर में ASI की पत्नी ने सर्विस रिवॉल्वर से की आत्महत्या, घरेलू विवाद की आशंका

मुंगेर, संवाददाता:
बिहार के मुंगेर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पुलिस अधिकारी के घर में आत्महत्या की वारदात ने सनसनी फैला दी। सफियासराय थाना क्षेत्र में तैनात एएसआई चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी (29 वर्ष) ने कथित तौर पर सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, एएसआई चंदन कुमार अपनी पत्नी के साथ सफियासराय इलाके में किराए के मकान में रहते थे। शनिवार की शाम अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मधु कुमारी को तुरंत मुंगेर के इमरजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शनिवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

इस संबंध में एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि “मामला सर्विस रिवॉल्वर से जुड़ा हुआ है, इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।”

फिलहाल पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है और अधिकारी हर एंगल से मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

(समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *