मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाला दुकानदार बना निशाना, पाकिस्तान-बांग्लादेश से मिल रहीं जान से मारने की धमकियां
कोलकाता/झारग्राम:
पश्चिम बंगाल के झारग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए स्थानीय दुकानदार विक्रम साव (या विक्रम शॉ) को अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बताया जा रहा है कि ये धमकियां पाकिस्तान और बांग्लादेश से आ रही हैं, जिससे दुकानदार और उसका परिवार दहशत में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विक्रम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसे लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन और वीडियो कॉल आ रहे हैं। इन कॉल्स में उसे बम से उड़ाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।
विक्रम के मुताबिक, कॉल करने वाले लोग पहले सामान्य बातचीत करते हैं और फिर अचानक धमकी देने लगते हैं। कुछ मामलों में हथियार दिखाकर डराने की भी कोशिश की गई है। इन घटनाओं से वह और उसका परिवार काफी सहमा हुआ है।
दरअसल, अप्रैल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारग्राम में विक्रम की दुकान पर रुककर झालमुड़ी खाई थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विक्रम अचानक सुर्खियों में आ गया और उसकी दुकान पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई।
IANS – Photo credit