राष्ट्रीय थांग-ता चैंपियनशिप में जाह्नवी ज्योतिर्मय ने जीता कांस्य पदक, विद्यालय में हुआ सम्मान
सिमराही। नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल की छात्रा जाह्नवी ज्योतिर्मय ने 32वीं राष्ट्रीय जूनियर थांग-ता चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय सहित बिहार का नाम रोशन किया है। श्रीनगर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जाह्नवी ने 44 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। राजस्थान की प्रतिद्वंद्वी के साथ कड़े मुकाबले में जाह्नवी ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
जाह्नवी सिमराही निवासी कमल कुमार एवं अनामिका सिन्हा की पुत्री हैं। वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती हैं। इससे पहले लखीसराय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने जाह्नवी को स्मृति चिह्न एवं मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जाह्नवी की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को खेलकूद में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
विद्यालय के प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि जाह्नवी विद्यालय की होनहार छात्रा हैं। उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय परिवार प्रतिबद्ध है और भविष्य की तैयारियों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
विद्यालय के अकादमिक निदेशक राजा रवि ने बताया कि थांग-ता मणिपुर की प्राचीन पारंपरिक युद्ध कला है, जिसे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत भी शामिल किया गया है।

इसी प्रतियोगिता में विद्यालय की एक अन्य छात्रा वैष्णवी अर्पण ने भी कांस्य पदक हासिल किया। उन्हें भी समारोह में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने करतल ध्वनि के साथ दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।