लद्दाख को 3350 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल सुरक्षा और पर्यटन को मजबूती मिलेगी।

लेह एयरपोर्ट का नया टर्मिनल शुरू

इन परियोजनाओं में लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोचे एयरपोर्ट का नया यात्री टर्मिनल प्रमुख है। करीब 640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह टर्मिनल सालाना लगभग 35 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। आधुनिक सुविधाओं के साथ टर्मिनल की वास्तुकला में लद्दाख की स्थानीय शैली का भी समावेश किया गया है।

298 किलोमीटर लंबी रणनीतिक सड़क का लोकार्पण

प्रधानमंत्री ने 298 किलोमीटर लंबी निमू-पदम-दरचा सड़क भी राष्ट्र को समर्पित की। यह सड़क लद्दाख को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ती है और जांस्कर क्षेत्र के लिए वैकल्पिक संपर्क उपलब्ध कराती है। रणनीतिक दृष्टि से भी इस मार्ग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे सशस्त्र बलों की आवाजाही और रसद व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बिजली और जल सुरक्षा पर जोर

परियोजनाओं के तहत लद्दाख की ऊर्जा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 9 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना और नई ट्रांसमिशन व्यवस्था से जुड़ा कार्य भी शामिल है। वहीं प्रोजेक्ट हिम सरोवर के तहत 40 गांवों में 40 जल निकाय विकसित किए जा रहे हैं, जिससे जल संरक्षण और स्थानीय जल सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

प्राचीन विरासत के संरक्षण की पहल

लद्दाख की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए लेह में भारत का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क भी शुरू किया गया। इसका उद्देश्य क्षेत्र में मौजूद प्राचीन शैल-चित्रों और पुरातात्विक विरासत को संरक्षित करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं लद्दाख में बेहतर आवागमन, बिजली और पानी की उपलब्धता के साथ-साथ पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *