वांगचुक को अस्पताल से छुट्टी दिलाने पर अड़ी पत्नी, मेडिकल रिपोर्ट देने से इनकार पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, संवाददाता।
पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उनकी पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने अस्पताल प्रशासन पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए वांगचुक को तत्काल डिस्चार्ज करने की मांग की है।
पत्नी का कहना है कि अस्पताल बार-बार आग्रह के बावजूद वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं करा रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना वांगचुक को किसी भी प्रकार की दवा या इलाज न दिया जाए।
गीतांजलि आंगमो ने अस्पताल द्वारा बताए गए स्वास्थ्य आंकड़ों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि एक दिन पहले तक वांगचुक के सभी स्वास्थ्य संकेत सामान्य थे, लेकिन अचानक पोटैशियम स्तर में गिरावट की बात कही जा रही है, जिसकी पुष्टि के लिए रिपोर्ट साझा नहीं की जा रही।
इसी बीच, वांगचुक के निजी डॉक्टर ने भी अस्पताल की रिपोर्ट पर संदेह जताया है और स्वतंत्र जांच कराने की बात कही है।
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर थे, जिसके बाद उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं, लेकिन परिवार ने अस्पताल पर भरोसा न होने की बात कहते हुए उन्हें किसी अन्य चिकित्सा केंद्र में ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है।
परिवार ने यह भी साफ किया है कि वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद आंदोलन और प्रस्तावित संसद मार्च जारी रहेगा।