विनीसियस जूनियर ने बचाई ब्राज़ील की लाज, मोरक्को से 1-1 की बराबरी पर छूटा मुकाबला

अनिरुद्ध नारायण (इंटर्न)
स्पोर्ट्स डेस्क

न्यू जर्सी:
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-सी में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में पांच बार की चैंपियन ब्राज़ील और मोरक्को के बीच रोमांचक मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। मुकाबला न्यू जर्सी के न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला गया, जहां मोरक्को ने शानदार प्रदर्शन कर ब्राज़ील को कड़ी चुनौती दी।

मैच की शुरुआत से ही मोरक्को ने आक्रामक खेल दिखाया और 21वें मिनट में इस्माइल साइबारी ने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। ब्राज़ील की डिफेंस इस दौरान दबाव में नजर आई।

हालांकि, ब्राज़ील ने ज्यादा देर पीछे नहीं रहने दिया। स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने शानदार अंदाज में बराबरी का गोल दागते हुए स्कोर 1-1 कर दिया और टीम को मैच में वापस ला दिया।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी। मोरक्को ने पूरे मैच में दमदार प्रदर्शन किया और ब्राज़ील जैसे मजबूत प्रतिद्वंदी को रोककर अपनी ताकत का परिचय दिया।

ब्राज़ील के नए कोच कार्लो एंचेलोटी के लिए यह वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला था, जो जीत में तब्दील नहीं हो सका। ब्राज़ील 2002 के बाद से खिताब जीतने का इंतजार कर रहा है और इस ड्रॉ ने टीम की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं।

वहीं, 2022 वर्ल्ड कप सेमीफाइनलिस्ट मोरक्को ने अपने प्रदर्शन से यह साफ कर दिया कि वह इस बार भी टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करने की क्षमता रखता है।

यह मुकाबला जहां ब्राज़ील के लिए चेतावनी साबित हुआ, वहीं मोरक्को के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा। ग्रुप-सी अब और भी रोमांचक हो गया है, जहां आगे की राह दोनों टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *