हर माह होगी WJAI की बैठक, सदस्यों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

पटना। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) की राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन बैठक में संगठन को सशक्त बनाने, पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा सदस्यों की समस्याओं के त्वरित निवारण को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया कि अब संगठन के सदस्यों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रत्येक माह नियमित ऑनलाइन बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का दायित्व राष्ट्रीय कमिटी के सचिव मिथिलेश मिश्रा एवं संयुक्त सचिव अनामिका मोंडल को सौंपा गया है।

संगठन विस्तार को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। संयुक्त सचिव अनामिका मोंडल को पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा में सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि असम और त्रिपुरा में अगस्त तक सक्रिय डिजिटल पत्रकारों को जोड़ते हुए सदस्यता बढ़ाई जाए, जबकि पश्चिम बंगाल में अगले सप्ताह तक राज्य कमिटी की घोषणा सुनिश्चित की जाए।

वहीं, संयुक्त सचिव रविशंकर शर्मा को जम्मू-कश्मीर, गोवा, तमिलनाडु और केरल में संगठन का विस्तार करते हुए सदस्यता बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव अमित रंजन ने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी संविधान के अनुरूप कार्य करेगा और अनुशासन सर्वोपरि रहेगा।

बैठक का संचालन राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि ‘पिक्कू’ ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि अब प्रत्येक माह संगठन की कार्ययोजना और गतिविधियों की समीक्षा के लिए नियमित बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार, सचिव मिथिलेश मिश्रा एवं विवेक कुमार, संयुक्त सचिव रविशंकर शर्मा और अनामिका मोंडल, कार्यालय सचिव रामबालक राय सहित राष्ट्रीय समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *