हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। इस मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में FIR दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता अमित कुमार, जो श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े बताए गए हैं, ने राहुल गांधी पर मामले को जातिगत रंग देने और अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 तथा SC/ST एक्ट की धारा 3(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा विवाद?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। इसके दो दिन बाद वहां कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान किए जाने को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई। कांग्रेस ने इसे दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा था। उन्होंने ‘शुद्धिकरण’ को छुआछूत से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR और कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने क्या कहा?

अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह वाल्मीकि समाज से हैं और 11 अगस्त को रामलीला मैदान में आयोजित सफाई एवं धार्मिक अनुष्ठान में मौजूद थे। उनके अनुसार, कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के लोग शामिल थे और इसका किसी विशेष जाति से संबंध नहीं था। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना को जातिगत रूप देकर उनकी तथा वाल्मीकि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित प्रेस कॉन्फ्रेंस की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट तथा कार्यक्रमों के फोटो-वीडियो की जांच करने और संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने की मांग भी की है। शिकायत की प्रतियां नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी भेजी गई हैं।

इस FIR के बाद हल्द्वानी का ‘शुद्धिकरण’ विवाद राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर कानूनी लड़ाई में बदल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *