हाजीपुर में शान से लहराया तिरंगा, विकास की उपलब्धियां गिनाईं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने

हाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को अक्षयवट राय स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में स्वास्थ्य मंत्री सह वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली। पुलिस, बीएमपी और एनसीसी के जवानों ने मार्च पास्ट के जरिए राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान दिया। तिरंगा फहराते ही स्टेडियम देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

समारोह में जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष आशुतोष कुमार दीपू, डीडीसी कुंदन कुमार समेत प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। झंडोत्तोलन के बाद मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

अपने संबोधन में मंत्री ने वैशाली की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में आईसीयू की क्षमता 10 से बढ़ाकर 40 बेड की गई है। डायलिसिस सुविधा, बाल चिकित्सा वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र को भी मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए राज्य की पहली लैब वैशाली में स्थापित हुई है। टीबी मुक्त भारत अभियान में जिला बिहार में प्रथम स्थान पर रहा है, जबकि अब तक करीब 16 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

शिक्षा और रोजगार योजनाओं का भी जिक्र

मंत्री ने कहा कि जिले के 20 आदर्श विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को आईआईटी और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। 62 स्कूलों में आईसीटी लैब और दो विद्यालयों में अटल लैब संचालित हैं।

ग्रामीण विकास की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि 5.24 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की पहली किस्त मिल चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.85 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। ऊर्जा क्षेत्र में 40,070 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं युवा रोजगार योजना के तहत 16 हजार से अधिक युवाओं को लगभग 375 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ

मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण और देश सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों, व्यवसायियों, चिकित्सकों और जीविका दीदियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *