10 अक्टूबर को दिल्ली में चुनावी विरोध प्रदर्शन, CJP ने युवाओं से किया ‘चलो दिल्ली’ का आह्वान

नई दिल्ली। कॉकroach जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी ने इसे युवाओं और Gen Z का आंदोलन बताते हुए देशभर के युवाओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की है।

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस को औपचारिक सूचना दी गई है। उन्होंने कहा कि आयोजकों ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में पत्र सौंपने के साथ आवश्यक औपचारिकताएं और अंडरटेकिंग भी पूरी कर दी है। दास ने स्पष्ट किया कि यह पुलिस से अनुमति मांगने के बजाय प्रदर्शन की औपचारिक सूचना है।

पार्टी ने चुनावों में कथित ‘वोट चोरी’ और ‘चुनावों के हाइजैक’ के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में व्यापक सुधार की मांग की है। CJP का आरोप है कि युवा मतदाताओं, खासकर Gen Z को मतदाता सूची में शामिल करने में भी गंभीर खामियां हैं।

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग के अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी चुनावों को रोकने, जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने तथा स्वतंत्र जांच कराने की मांग रखी है। पार्टी ने चुनाव आयोग में नियुक्तियों से जुड़े कानून में बदलाव की भी मांग की है।

दास ने कहा कि केवल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने देशभर के युवाओं से ट्रेन और फ्लाइट की टिकट बुक कर दिल्ली पहुंचने की अपील करते हुए कहा, “सामान पैक कर लीजिए, यह लंबी लड़ाई होगी।”

प्रदर्शन को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (ASAP) जैसे छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला है। कार्यक्रम के लिए CJP ने युवाओं को ‘चलो दिल्ली’ का नारा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *