15 साल के सूर्या वंशी ने रचा इतिहास: तोड़ा क्रिस गेल का IPL सिक्स रिकॉर्ड, 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी
मोहाली/खेल
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्या वंशी ने इतिहास रचते हुए क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा ओपनर ने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया कीर्तिमान बना दिया।
आईपीएल एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए सूर्या वंशी ने मात्र 29 गेंदों में 97 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 छक्के शामिल थे। इस पारी के साथ ही उन्होंने इस सीजन में अपने छक्कों की संख्या 65 तक पहुंचा दी, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
गेल का 59 छक्कों का रिकॉर्ड टूटा
क्रिस गेल ने 2012 के IPL सीजन में 59 छक्के लगाए थे, जिसे लंबे समय तक कोई बल्लेबाज नहीं तोड़ पाया। लेकिन सूर्या वंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया और नया इतिहास लिख दिया।
पावरप्ले में भी नया कीर्तिमान
सूर्या वंशी ने इस मैच में पावरप्ले के दौरान 8 छक्के जड़कर सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इसके अलावा, उन्होंने इस सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
रिकॉर्ड्स की झड़ी
- IPL प्लेऑफ में सबसे ज्यादा (12) छक्के एक पारी में
- 16 गेंदों में अर्धशतक, प्लेऑफ का संयुक्त सबसे तेज अर्धशतक
- एक सीजन में 600+ रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
- 200+ स्ट्राइक रेट के साथ 600+ रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
टीम को दिलाई जीत, आगे बढ़ी राजस्थान
सूर्या वंशी की इस पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और मुकाबला 47 रनों से जीतकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली।
Report by – Anirudh Narayan ( Intern) BAJMC