2025 भारत के लिए गर्व और उपलब्धियों का वर्ष : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2025 भारत के लिए गर्व के मील के पत्थरों वाला वर्ष रहा है। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्ष में भारत ने सुरक्षा, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, संस्कृति और वैश्विक मंच पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जिन पर प्रत्येक नागरिक को गर्व होना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति, आत्मविश्वास और नवाचार की क्षमता ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। आज वैश्विक समुदाय भारत को नई उम्मीदों के साथ देख रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती

पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2025 में देश की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सशक्त हुई। सशस्त्र बलों की सतर्कता और साहसिक कार्रवाईयों के कारण भारत की सीमाएं सुरक्षित रहीं और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश गया।

खेल जगत में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ

प्रधानमंत्री ने भारतीय खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2025 खेल के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक रहा। क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया। महिला और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भी देश को गौरवान्वित किया।

विज्ञान और अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयाँ

पीएम मोदी ने विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि 2025 में भारत ने तकनीकी क्षमताओं का लोहा मनवाया। अंतरिक्ष अभियानों और अनुसंधान कार्यों ने देश को वैश्विक अग्रणी देशों की पंक्ति में खड़ा किया।

संस्कृति और आस्था का वर्ष

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 भारत की सांस्कृतिक चेतना के लिए भी महत्वपूर्ण रहा। धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों ने राष्ट्रीय एकता और परंपराओं को और मजबूत किया।

आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम

पीएम मोदी ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है।

नए वर्ष के लिए संदेश

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आह्वान किया कि 2026 में भी इसी ऊर्जा और संकल्प के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि भारत की यात्रा विकास, आत्मविश्वास और वैश्विक नेतृत्व की ओर निरंतर जारी रहेगी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *