46,000 मीट्रिक टन LPG लेकर ‘ग्रीन सनवी’ टैंकर आज करेगा होर्मुज पार, भारत की ऊर्जा आपूर्ति को राहत की उम्मीद

नई दिल्ली, संवाददाता:
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। 46,000 मीट्रिक टन एलपीजी (रसोई गैस) लेकर जा रहा टैंकर ‘ग्रीन सनवी’ आज रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने वाला है।

डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग के अनुसार यह टैंकर वर्तमान में जलडमरूमध्य के उत्तरी हिस्से में मौजूद है और शनिवार सुबह तक सुरक्षित रूप से पार करने की संभावना है। यदि यात्रा सफल रहती है, तो यह 6 अप्रैल तक मुंबई पहुंच सकता है, जिससे देश में गैस आपूर्ति को मजबूती मिलेगी।

इससे पहले भी ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ जैसे दो टैंकर सफलतापूर्वक भारत पहुंच चुके हैं, जिन्होंने लगभग 93,000 टन एलपीजी की आपूर्ति की है।

हालांकि स्थिति अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक कई भारतीय जहाज अभी भी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं और उन्हें सुरक्षित मार्ग के लिए भारतीय नौसेना की मंजूरी का इंतजार है। ‘ग्रीन आशा’ और ‘जग विक्रम’ जैसे अन्य टैंकर भी पारगमन की अनुमति की प्रतीक्षा में हैं।

मौजूदा हालात में लगभग 17 भारतीय जहाज इस क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मौजूद हैं, जबकि हजारों भारतीय नाविक अब भी खाड़ी क्षेत्र में कार्यरत हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *