सी.पी. राधाकृष्णन बने देश के 14वें उपराष्ट्रपति, विपक्षी प्रत्याशी को दी मात

नई दिल्ली, 9 सितंबर:
महाराष्ट्र के राज्यपाल और एनडीए के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन मंगलवार को देश के 14वें उपराष्ट्रपति चुने गए। उन्होंने विपक्ष समर्थित उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को कड़े मुकाबले में हराते हुए उपराष्ट्रपति पद हासिल किया।

चुनाव में कुल 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, जबकि 14 सांसदों ने मतदान से दूरी बनाई। इनमें से 15 मत पत्र अवैध घोषित किए गए। नतीजों में राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, जबकि सुदर्शन रेड्डी को केवल 300 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार एनडीए प्रत्याशी ने विपक्ष पर 152 मतों की निर्णायक बढ़त बनाई।

गौरतलब है कि विपक्ष को भरोसा था कि रेड्डी को कम से कम 324 वोट मिलेंगे, मगर अंततः उन्हें अपेक्षा से कम समर्थन मिला। दूसरी ओर राधाकृष्णन ने तय समर्थन से 13 अधिक वोट प्राप्त कर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुरुआत की। उनके बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा और अन्य सांसदों ने भी मतदान किया। वहीं, विपक्ष की ओर से राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने मतदान कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

यह चुनाव उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के 50 दिन बाद संपन्न हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने इसे अपनी-अपनी साख का सवाल बना लिया था। परिणाम ने एक बार फिर संसद के भीतर एनडीए के मजबूत गणित की पुष्टि कर दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *