पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा ऐलान, ₹1,600 करोड़ का राहत पैकेज जारी
गुरदासपुर, 9 सितंबर।
पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लेने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हवाई सर्वेक्षण किया और गुरदासपुर में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। हालात का आकलन करने के बाद पीएम ने राज्य के लिए ₹1,600 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की घोषणा की। यह राशि पहले से उपलब्ध ₹12,000 करोड़ के अतिरिक्त दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस पैकेज में राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जाएगी और किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत सहयोग मिलेगा। इसके साथ ही बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनाथ हुए बच्चों की देखभाल के लिए पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत मदद का भरोसा भी दिया गया।
मोदी ने बहुआयामी पुनर्वास योजना की रूपरेखा पेश करते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना से किया जाएगा, टूटी सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत होगी और विद्यालयों को समग्र शिक्षा अभियान से वित्तीय सहयोग मिलेगा। किसानों को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत विशेष राहत देने की भी घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री ने वर्षा जल संरक्षण ढांचे के पुनर्निर्माण और विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि जल संचय जनभागीदारी कार्यक्रम से पंजाब को दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
गुरदासपुर में प्रधानमंत्री ने बाढ़ पीड़ित किसानों, राहत कार्य में जुटी NDRF और SDRF की टीमों से भी बातचीत की। इस मौके पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मौजूद रहे। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ व अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रधानमंत्री के साथ थे।
गौरतलब है कि इस भीषण बाढ़ में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है और 2,064 गांव प्रभावित हुए हैं। अकेले गुरदासपुर जिले में 329 गांव जलमग्न हैं। प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनज़र पूरे इलाके में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
इससे पहले आम आदमी पार्टी सरकार ने केंद्र से कम से कम ₹20,000 करोड़ का राहत पैकेज मांगा था। हालांकि, प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में पंजाब की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।