पटना में आरजेडी नेता राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या, CCTV फुटेज में हमलावर फरार होते कैद
पटना, 11 सितंबर:
राजधानी पटना में बुधवार रात आरजेडी नेता राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें नकाबपोश हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद अंधेरे और बारिश भरी गली में भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास गली नंबर-17 में रात करीब 10 बजे घटी। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राय को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
छह खाली कारतूस बरामद, कई संदिग्धों पर शक
पटना पूर्व के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से छह खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि हमले में दो से अधिक लोग शामिल थे। हालांकि हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
एसपी ने कहा कि “स्थानीय स्तर पर राय की सक्रिय राजनीति और जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की भी चर्चा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।” इस दौरान मृतक के ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है।
वैशाली निवासी थे राय
राजकुमार राय उर्फ अला राय मूल रूप से वैशाली जिले के राघोपुर के रहने वाले थे। इलाके में उनकी राजनीतिक पकड़ मजबूत मानी जाती थी। उनकी हत्या से क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है। शहरभर में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।