अखंड कन्या पूजन से गूंजा मरार दुर्गा मंदिर, नवरात्रि के प्रथम दिन उमड़ा आस्था का सैलाब
पटना। नवरात्रि के प्रथम दिन मरार दुर्गा मंदिर प्रांगण में अखंड कन्या पूजन का दिव्य आयोजन हुआ। युथ फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री संजय खंडेलिया की पहल पर संपन्न इस कार्यक्रम में मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और ‘जय माता दी’ के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर तेलंगाना भाजपा के संगठन महामंत्री आदरणीय चंद्रशेखर जी एवं श्री खंडेलिया ने विधिवत पूजन-अर्चन कर कन्याओं का आशीर्वाद लिया। दीपों, पुष्पों और धार्मिक झांकियों से सजे मंदिर ने श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति कराई।
नारी शक्ति के सम्मान का संदेश
कन्या पूजन को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताते हुए श्री संजय खंडेलिया ने कहा कि “समाज की प्रगति तभी संभव है जब उसमें नारी का सम्मान सर्वोपरि हो। यह अनुष्ठान हमें नारी शक्ति के प्रति आदर और सम्मान की भावना जगाने का मार्ग दिखाता है।”
वहीं, चंद्रशेखर जी ने कहा कि “नवरात्रि हमें माँ दुर्गा की शक्ति और उनके आशीर्वाद की याद दिलाती है। कन्या पूजन धर्म और संस्कारों का ऐसा संदेश है, जो पीढ़ियों को मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा का मार्ग दिखाता है।”

गरिमा बढ़ाने पहुंचे गणमान्य
इस आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शत्रुघन भगत, भाजपा कोषाध्यक्ष श्री मृत्युंजय झा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री अश्वनी चौधरी, भाजपा की निवर्तमान महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती वंदना पटेल और जिला प्रभारी श्री राजकिशोर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नवरात्रि के प्रथम दिन हुए इस अखंड कन्या पूजन ने न केवल आस्था को प्रगाढ़ किया बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि भारतीय संस्कृति की मूल धारा में नारी शक्ति का सम्मान सर्वोच्च है।