बिहार चुनाव से मोदी सरकार की विदाई का आगाज़ : खरगे

पटना।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव मोदी सरकार की भ्रष्ट सत्ता के अंत की शुरुआत साबित होंगे। उन्होंने भाजपा पर “वोट चोरी” और “सांप्रदायिक ध्रुवीकरण” का आरोप लगाते हुए दावा किया कि बिहार की जनता बदलाव के लिए तैयार है।

पटना में आयोजित विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेश नीति को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आज जिन विदेशी नेताओं को प्रधानमंत्री अपने मित्र बताते थे, वही भारत को मुश्किलों में डाल रहे हैं। यह सब कूटनीतिक असफलता का नतीजा है।”

खरगे ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार में विशेष पुनरीक्षण के नाम पर लाखों लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। “यह सिर्फ वोट चोरी नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को राशन, पेंशन, छात्रवृत्ति और दवा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित करने की साजिश है।”

आर्थिक मुद्दों पर हमला बोलते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा नहीं किया। “दो करोड़ नौकरियों का सपना अभी भी अधूरा है। युवा बेरोजगार भटक रहे हैं। नोटबंदी और त्रुटिपूर्ण जीएसटी ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया। आठ साल बाद सरकार उन्हीं सुधारों को लागू कर रही है, जिनकी मांग कांग्रेस शुरू से कर रही थी।”

उन्होंने एनडीए में खींचतान का भी जिक्र किया और कहा, “नीतीश कुमार को भाजपा ने मानसिक रूप से रिटायर घोषित कर दिया है। अब भाजपा उन्हें बोझ मान रही है।”

बिहार की सामाजिक संरचना का उल्लेख करते हुए खरगे ने कहा कि राज्य की 80 प्रतिशत आबादी ओबीसी, ईबीसी और एससी/एसटी समुदायों की है और कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इन्हें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और सुशासन दिलाने का काम करेगी।

खरगे ने विश्वास जताया कि “2025 का बिहार विधानसभा चुनाव न केवल राज्य बल्कि पूरे देश की राजनीति का अहम मोड़ होगा। यही चुनाव मोदी सरकार की विदाई की गिनती शुरू करेगा।”

गौरतलब है कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार बिहार में कांग्रेस की विस्तारित कार्य समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राहुल गांधी, अजय माकन, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक से पहले खरगे ने प्रदेश मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराकर चुनावी अभियान की शुरुआत का संदेश दिया।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *