बिहार चुनाव: पप्पू यादव ने लालू प्रसाद से की ‘गठबंधन धर्म’ निभाने की अपील, बोले— आपसी टकराव से INDIA गठबंधन को होगा नुकसान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर बढ़ते मतभेदों के बीच कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से गठबंधन की मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “गठबंधन धर्म” किसी भी कीमत पर टूटना नहीं चाहिए, क्योंकि आंतरिक टकराव से विपक्षी एकता को गहरी चोट पहुंच सकती है।

पप्पू यादव ने कहा, “राहुल गांधी ने भी सभी दलों से कहा है कि INDIA गठबंधन के हित में काम करें। हमने जहां राजद ने प्रत्याशी दिया है, वहां अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। अब राजद को भी उन सीटों से अपने उम्मीदवार वापस लेने चाहिए जहां हमारे प्रत्याशी मैदान में हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “जनता गठबंधन से आगे है, वे राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के पक्ष में वोट देंगे। ऐसे में आपसी संघर्ष से केवल नुकसान होगा। लालू जी हमारे नेता हैं, उन्हें खुद आगे आकर इस स्थिति को सुलझाना चाहिए।”

महागठबंधन के भीतर यह बयान उस समय आया है जब कई सीटों पर राजद, कांग्रेस और अन्य घटक दलों के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। इससे गठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने आपसी मतभेद दूर कर एकजुट होकर चुनाव लड़ने पर जोर दिया है।

इसी बीच, केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह द्वारा दिए गए विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा, “जो अंग्रेजों के साथ थे, वही असली नमक हराम थे। मुसलमानों को गद्दार कहना देश की असली एकता पर सवाल उठाने जैसा है।”

बिहार में चुनावी माहौल जैसे-जैसे गरमाता जा रहा है, वैसे-वैसे महागठबंधन के भीतर तालमेल की परीक्षा और कठिन होती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *