इंदिरा गांधी में मोदी से ज्यादा साहस था : राहुल गांधी का बिहार में हमला
नालंदा, संवाददाता।

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के नालंदा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान जो साहस और नेतृत्व दिखाया था, वैसा साहस आज के प्रधानमंत्री में नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा, “1971 में जब अमेरिका ने भारत को धमकाने के लिए अपना नेवी बेड़ा भेजा था, तब इंदिरा गांधी ने डटकर कहा था — हम तुम्हारे बेड़े से नहीं डरते, जो करना है करो, हम अपना करेंगे। वो एक महिला थीं, लेकिन उनमें आज के प्रधानमंत्री से कहीं अधिक हिम्मत थी।”

उन्होंने कहा कि “नरेंद्र मोदी में न दृष्टि है, न हिम्मत। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आंख मिलाकर जवाब देने की ताकत नहीं दिखाई। अगर उनमें साहस है, तो वे बिहार की किसी सभा में यह कहकर दिखाएं कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं। लेकिन वे ऐसा नहीं कर सकते, क्योंकि वो डरते हैं।”

गौरतलब है कि राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि भारत-पाकिस्तान के बीच ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को रोकने में उन्होंने हस्तक्षेप किया था।

राहुल गांधी ने कहा कि “ट्रंप ने मोदी का 50 बार अपमान किया है। उन्होंने कहा कि मैंने फोन पर मोदी को कहा और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया। लेकिन मोदी में इतना भी साहस नहीं कि वे कह सकें — अमेरिकी राष्ट्रपति झूठ बोल रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि “इंदिरा गांधी के पास रीढ़ थी, आत्मसम्मान था। नरेंद्र मोदी विदेशी ताकतों और पूंजीपतियों के आगे झुक जाते हैं। देश की विदेश नीति अब स्वतंत्र नहीं, बल्कि अमीरों के हितों के मुताबिक चलती है।”

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर देश को “दो भारतों” में बाँटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “एक भारत अडानी-अंबानी और मोदी का है, दूसरा भारत आम जनता का। बिहार का युवा बेरोज़गार है, लेकिन मोदी चाहते हैं कि अडानी और अंबानी चीन के माल बेचकर लाभ कमाएं।”

छठ पर्व के दौरान दिल्ली में पीएम मोदी के यमुना स्नान पर तंज कसते हुए राहुल ने कहा, “वो यमुना नहीं थी, पाइप से लाई गई साफ पानी की झील थी। असली यमुना में बिहार की जनता नहाती है, जिसमें गंदगी और झाग है। यही दो भारतों का फर्क है।”

उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। “बिहार के अस्पतालों में लोग इलाज के लिए नहीं, बल्कि मरने के लिए जाते हैं। यही इस सरकार की सच्चाई है,” राहुल ने कहा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार के पास सत्ता है, लेकिन नियंत्रण मोदी के पास है। जो बटन मोदी दबाते हैं, वही नीतीश करते हैं। बिहार की सरकार नागपुर से चलती है।”

राहुल गांधी ने महागठबंधन की जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कहा, “हमारी सरकार बनने पर बिहार का हर वर्ग, हर धर्म, हर जाति की आवाज़ सुनी जाएगी। अत्यंत पिछड़े, दलित, महादलित, किसान और मज़दूर — सबकी भागीदारी होगी। बिहार को बिहारी नेतृत्व चाहिए, और यह चुनाव उसी बदलाव की शुरुआत है।”

बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस बार मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *