रजौली में तेजस्वी यादव की हुंकार : “हर घर के एक सदस्य को मिलेगी सरकारी नौकरी, ताड़ी को मिलेगी आजीविका की आज़ादी”
— पिंकी भारती के समर्थन में उमड़ी भारी भीड़, महागठबंधन की सरकार में महिलाओं को 30 हजार की सहायता राशि का वादा

नवादा (प्रतिनिधि) : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले शनिवार को नवादा जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के प्रत्याशी पिंकी भारती के पक्ष में प्रचार करते हुए जनता से भारी मतों से समर्थन की अपील की। सिरदला के जर्रा बाबा स्थल के पास सिंचाई विभाग के पीछे बने विशाल मैदान में उमड़ी भीड़ ने तेजस्वी के आगमन पर जोरदार नारों से स्वागत किया।

तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि “11 नवम्बर को तीर, लालटेन और बदलाव के पक्ष में वोट दीजिए।” उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर महागठबंधन की सरकार पासी समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी और शराबबंदी कानून से ताड़ी को अलग किया जाएगा, ताकि पारंपरिक आजीविका सुरक्षित रह सके।

महिलाओं और युवाओं के लिए घोषणाएं
तेजस्वी ने कहा कि सरकार बनते ही “माई बहन योजना” के तहत हर महिला के खाते में 30 हजार रुपये की पहली किस्त 14 जनवरी को भेजी जाएगी। उन्होंने युवाओं के लिए बड़ा वादा करते हुए कहा कि हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही गैस सिलेंडर 500 रुपये में और किसानों को मुफ्त बिजली देने का आश्वासन दिया।

“बदलाव के लिए सबका साथ जरूरी”
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में रोजगार, शिक्षा और सम्मान की राजनीति लाने का समय आ गया है। उन्होंने जनता से अपील की— “जाति और धर्म के झगड़ों में न पड़ें, अबकी बार बिहार को विकास की राह पर ले जाने के लिए एकजुट होकर मतदान करें।”

सभा में उमड़ा जनसैलाब
रजौली का मैदान शनिवार को चुनावी जोश और उत्साह से भर उठा। भोजपुरी जगत के कई मशहूर कलाकारों ने मंच से प्रस्तुति दी, जिससे माहौल पूरी तरह मेले में बदल गया। सुबह से जुटी भीड़ दोपहर तक हजारों की संख्या में मैदान में पहुंच गई, जहां लोगों ने तेजस्वी यादव के भाषण पर लगातार तालियां बजाकर समर्थन जताया।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
जनसभा के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की विशेष तैनाती की गई, ताकि सभा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

तेजस्वी यादव ने अंत में कहा— “बदलाव का वक्त आ गया है। अब बिहार को बेरोजगारी और पलायन से मुक्ति दिलाकर सम्मान की राजनीति को लाना है। इसलिए इस बार लालटेन जलाइए और पिंकी भारती को विजयी बनाइए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *