बिहार चुनाव 2025 : दूसरे चरण का शोर थमा, अब मतदाताओं की बारी

पटना, 
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान से पहले रविवार शाम चुनाव प्रचार थम गया। अब उम्मीदवारों की रैलियों और नारों की गूंज की जगह मतदाताओं की चुप्पी और मंथन का दौर शुरू हो गया है। इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं 3.7 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें करीब 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

दूसरे चरण में जिन जिलों में वोटिंग होगी, उनमें गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं।

इस चरण को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कई मंत्री भी इस चरण में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। इनमें सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, चकाई से सुमित कुमार सिंह, झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, अमरपुर से जयंत राज, छातापुर से नीरज कुमार सिंह बबलू, बेतिया से रेणु देवी, धमदाहा से लेशी सिंह, हरसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान और चैनपुर से जमा खान शामिल हैं।

वहीं विपक्ष की ओर से भी कई दिग्गज मैदान में हैं। महागठबंधन ने राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, कटिहार की कदवा सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, तथा भाकपा (माले) के विधायक दल के नेता महबूब आलम पर भरोसा जताया है।

अब जब प्रचार का शोर थम चुका है, तो सभी निगाहें 11 नवंबर पर टिकी हैं—जब जनता अपने मत से तय करेगी कि सत्ता की डगर किसके हाथों जाएगी।

— रिपोर्ट : TWM न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *