‘मोदी-शाह फंसेंगे वोट चोरी में’: राहुल गांधी का बिहार में बड़ा हमला

किशनगंज/पूर्णिया | 
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को किशनगंज और पूर्णिया की सभाओं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देश को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “मोदी और शाह ने जितनी भी वोट चोरी की है, अब जनता सब जान चुकी है। वे चाहे जहां चले जाएं, एक दिन पकड़े जरूर जाएंगे।”

राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार में इस बार ‘महागठबंधन’ यानी इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय है। उन्होंने जनता से अपील की कि 11 नवंबर को मतदान के दिन हर युवा, किसान और मजदूर बूथ पर चौकसी बरते और “वोट चोरी” को रोकने की जिम्मेदारी निभाए।

राहुल बोले — सच सबके सामने, चुप हैं मोदी और चुनाव आयोग

राहुल गांधी ने हरियाणा चुनावों में भी वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि “मैंने हरियाणा में दो करोड़ वोटरों के बीच 25 लाख फर्जी नामों का खुलासा किया। अब तक न मोदी बोले, न ही मुख्य चुनाव आयुक्त में इतना साहस है कि कह दें राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग — तीनों के पास “वोट चोरी” के आरोपों का कोई जवाब नहीं है। “सच्चाई यह है कि अब देश के लोग खुद जाग चुके हैं, और बिहार में यह चोरी नहीं चलने वाली,” राहुल ने कहा।

‘बांटने वाली नहीं, जोड़ने वाली राजनीति चाहिए’

अमित शाह द्वारा सीमांचल क्षेत्र में कांग्रेस पर “घुसपैठियों को संरक्षण देने” के आरोप का जवाब देते हुए राहुल ने कहा कि “असल में विभाजन की राजनीति तो भाजपा और आरएसएस कर रहे हैं। मैं प्यार और एकता की राजनीति करता हूं, वे नफरत और डर की।”

राहुल ने कहा कि भाजपा-आरएसएस का एजेंडा समाज को बांटने का है, जबकि इंडिया गठबंधन देश को जोड़ने के लिए संघर्ष कर रहा है। “मोदी और शाह जनता की आवाज़ से डरते हैं। उन्होंने भारत की आत्मा से विश्वासघात किया है,” राहुल ने कहा।

‘बिहार के लोग मेहनती हैं, फिर भी रोज़गार से वंचित’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने पूछा कि “20 सालों में नीतीश कुमार ने बिहार जैसे उपजाऊ राज्य में एक भी फूड प्रोसेसिंग यूनिट क्यों नहीं लगाई? जहां मछली और मखाने जैसी फसलें हैं, वहां के लोगों को बाहर मजदूरी क्यों करनी पड़ती है?”

राहुल ने कहा कि बिहार के युवक देश के कोने-कोने में सड़के, स्कूल और अस्पताल बना रहे हैं, लेकिन अपने ही राज्य में उन्हें काम नहीं मिलता। “नीतीश कुमार युवाओं को रोजगार नहीं देना चाहते। और अमित शाह कहते हैं कि बिहार में जमीन की कमी है — पर यही सरकार हजारों एकड़ जमीन उद्योगपतियों को सस्ते में दे देती है,” उन्होंने कहा।

‘बिहार में एनडीए की सरकार नहीं बनेगी’

राहुल गांधी ने भरोसे से कहा कि “इस बार भाजपा या एनडीए किसी भी हाल में सरकार नहीं बना पाएंगे। नीतीश कुमार अब कभी बिहार की सरकार का नेतृत्व नहीं कर पाएंगे।”

कांग्रेस नेता की इन सभाओं ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बिहार के सीमांचल इलाकों में नई राजनीतिक गर्मी पैदा कर दी है।

— रिपोर्ट : टीडब्ल्यूएम न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *