पत्रकारों की सुरक्षा व आवास की मांग को लेकर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, कहा— पत्रकार सुरक्षा कानून और कॉलोनी निर्माण की हो जल्द पहल
बुरहानपुर (मध्य प्रदेश)।
पत्रकारों की सुरक्षा और आवासीय सुविधाओं को लेकर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन, बुरहानपुर इकाई ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने यह ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव को संयुक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में सौंपते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करने और पत्रकार कॉलोनी के निर्माण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश भर के पत्रकार समाज की आवाज बनकर सरकार तक जनसमस्याएँ पहुँचाते हैं, लेकिन उनके खुद के सुरक्षा और आवास के मुद्दे लगातार उपेक्षित हैं। कई बार फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में पत्रकार सुरक्षा कानून का लागू होना अत्यंत आवश्यक है।
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शकील खान, उपाध्यक्ष सुमेश तायड़े, सचिव राहुल इंगले, वरिष्ठ पत्रकार गोकुल खंडारे, मनोज भागवतकर, सोहेल अहमद और शेख वसीम सहित अन्य पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने एक स्वर में कहा कि अगर शासन स्तर पर उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।
संगठन ने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया कि बुरहानपुर में पत्रकारों के लिए उचित स्थान पर पत्रकार कॉलोनी का निर्माण कराया जाए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों को भी सम्मानजनक आवास उपलब्ध हो सके।
ज्ञापन प्राप्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर सृजन श्रीवास्तव ने पत्रकारों को आश्वासन दिया कि उनकी महत्वपूर्ण मांगों को शासन स्तर तक अग्रसारित किया जाएगा और इस पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।