लाल किला धमाका: डीएनए रिपोर्ट ने खोला राज, पुलवामा के डॉक्टर उमर नबी चला रहे थे कार
नई दिल्ली, TWM News।
लाल किला धमाका कार की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। फॉरेंसिक जांच में मिले डीएनए सैंपल से यह पुष्टि हुई है कि पुलवामा के रहने वाले डॉक्टर उमर नबी ही उस कार को चला रहे थे, जिसमें विस्फोट हुआ था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उमर नबी के डीएनए का मिलान उनकी मां के सैंपल से किया गया, जिससे यह साबित हो गया कि वही धमाके में मारे गए व्यक्ति थे।
सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर उमर नबी आतंक के उस “व्हाइट कॉलर मॉड्यूल” का हिस्सा थे, जिसे दिल्ली पुलिस ने हाल ही में धर दबोचा था। इस मॉड्यूल से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें तीन डॉक्टर शामिल थे। यह मॉड्यूल प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसर ग़ज़वत-उल-हिंद से जुड़ा बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम दिल्ली के लालकिला क्षेत्र के पास एक धीमी गति से चलती हुई ह्युंडई i20 कार में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आसपास अफरातफरी मच गई। जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से जले हुए मानव अवशेष और वाहन के हिस्से बरामद किए थे। इन्हीं से एकत्रित डीएनए सैंपल ने अब पूरी कहानी साफ कर दी है।
गौरतलब है कि इस मॉड्यूल के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने करीब 3,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटैशियम क्लोरेट और सल्फर बरामद किए थे। यह सामग्री कई राज्यों — जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश — में फैले नेटवर्क के ज़रिए पहुंचाई जा रही थी।
उधर, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी तलाशी अभियान तेज कर दिया है। CIK (काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर) की टीमें पिछले कुछ दिनों से 13 जिलों में लगातार छापेमारी कर रही हैं और अब तक दर्जनों संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है।
– रिपोर्ट: TWM News