गांधी मैदान में गुरुवार को शपथ लेगी नई बिहार सरकार, पीएम मोदी होंगे शामिल
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। गुरुवार, 20 नवंबर को राजधानी पटना के गांधी मैदान में नए मंत्रिमंडल का शपथग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी लगभग तय मानी जा रही है।
एनडीए की भारी जीत के तुरंत बाद बिहार की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार सुबह 11:30 बजे अपने अंतिम कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसके बाद कैबिनेट भंग करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके उपरांत वे राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। जेडीयू नेताओं का कहना है कि बैठक में एक अधिकृत प्रस्ताव भी पारित होगा, जिसके तहत नीतीश कुमार राज्यपाल को पुरानी विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव सौंप सकेंगे।
एनडीए को प्रचंड बहुमत, बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने रविवार को राज्यपाल को नव-निर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी। एनडीए ने 243 सदस्यीय सदन में 202 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया। बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, वहीं जेडीयू ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की। चिराग पासवान की एलजेपी (आरवी) ने 19 सीटें पाईं, जबकि एचएएम और आरएलएम ने मिलकर नौ सीटें जीतीं।
दूसरी ओर महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया।
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने राजधानी दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद कहा कि “कुछ दिनों में नई सरकार का गठन हो जाएगा। एनडीए ने जो वादे किए हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।”
कैबिनेट में ज्यादा हिस्सेदारी चाहती जेडीयू
एक वरिष्ठ जेडीयू नेता ने बताया कि पार्टी इस बार पिछले कार्यकाल के मुकाबले अधिक मंत्रालय चाहती है, जब उसके पास केवल 12 विभाग थे। उनका कहना है कि 2020 की तुलना में इस बार पार्टी की सीटें बढ़ी हैं, इसलिए प्रतिनिधित्व भी बढ़ना चाहिए। हालांकि उन्होंने माना कि नई सहयोगी पार्टियों के आने से सभी की मांगें पूरी करना चुनौतीपूर्ण होगा।
एलजेपी (आरवी) की निगाह उपमुख्यमंत्री पद पर?
चिराग पासवान ने सरकार में शामिल होने की इच्छा तो जताई, लेकिन उपमुख्यमंत्री पद पाने के सवाल पर उन्होंने चुप्पी साध ली। मौजूदा सरकार में दोनों उपमुख्यमंत्री—सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा—बीजेपी से हैं।
इधर, एचएएम ने विधायक दल की बैठक कर सिकंदरा के विधायक प्रफुल्ल मांझी को नेता चुना और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पूरा समर्थन देने की घोषणा की है। बिहार मामले के प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से एचएएम प्रमुख जीतन राम मांझी और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी अलग-अलग मुलाकात कर मंत्रिमंडल में सम्मानजनक भागीदारी की मांग रखी।
चुनावी हार के बाद आरजेडी में घमासान तेज
एनडीए जहाँ नई सरकार की रूपरेखा तैयार करने में जुटा है, वहीं आरजेडी भीतरूनी कलह का सामना कर रही है। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने और परिवार पर गंभीर आरोप लगाने के बाद पार्टी में तनाव बढ़ गया है। रोहिणी ने कहा है कि चुनावी हार के बाद उन्हें अपमानित किया गया और उनके भाई तेजस्वी यादव व उनके करीबी सहयोगियों को इसके लिए जिम्मेदार बताया।
तेजस्वी यादव, जिन्होंने कठिन मुकाबले में राघोपुर सीट बचाई है, आज पार्टी की समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक दोपहर 2 बजे पोलो रोड स्थित आवास पर होगी, जिसमें हारे हुए उम्मीदवार भी शामिल होंगे।