वीर विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर हिमाचल पहुंचा, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई आज
धर्मशाला – दुबई एयर शो के दौरान हुई दुर्घटना में वीरगति को प्राप्त हुए भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक गांव, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) पहुंचाया गया। देशभर में शोक की लहर है, जबकि वायुसेना ने अपने बहादुर अधिकारी को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई की प्रक्रिया शुरू की।
विंग कमांडर स्याल का पार्थिव शरीर सबसे पहले तमिलनाडु स्थित सुलूर एयर फोर्स स्टेशन लाया गया, जहां भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वायुसेना ने बताया कि “आईएएफ ने विंग कमांडर नमांश स्याल के पार्थिव शरीर को अत्यंत सम्मान के साथ स्वदेश लाया। एयर शो में डेमो फ्लाइट के दौरान हुए हादसे में उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।”
सुलूर एयरबेस पर आयोजित सम्मान समारोह में कोयंबटूर के जिला कलेक्टर पवनकुमार जी. गिरियप्पनवर ने भी वायुसेना की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान ‘शहीद अमर रहे’ के नारे गूंजते रहे और साथियों ने नम आंखों से अपने योद्धा को अंतिम सलाम पेश किया।
वायुसेना के सी-130 विमान के माध्यम से पार्थिव शरीर को दक्षिणी वायु कमान से हिमाचल प्रदेश भेजा गया। वायुसेना द्वारा जारी बयान में कहा गया, “सुलूर में गरिमामय अंतिम समारोह संपन्न होने के बाद पार्थिव शरीर को परिवार के गांव रवाना किया गया। पूरी दक्षिणी वायु कमान इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।”
हादसा शुक्रवार को दुबई एयर शो 2025 के दौरान उस समय हुआ, जब स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान डेमो फ्लाइट के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विंग कमांडर स्याल विमान उड़ा रहे थे और गंभीर चोटों के कारण उनका निधन हो गया।
देश ने एक बहादुर, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी खो दिया है। आज कांगड़ा में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।