ज़ेवियर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस पर हरित पहल
वृक्षारोपण और ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ से गूँजा कैंपस

पटना, 2 दिसंबर।
राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस पर ज़ेवियर विश्वविद्यालय, पटना में सोमवार को पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। ईको मित्रा क्लब और ज़ेवियर आर्ट क्लब की संयुक्त पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

दिन की शुरुआत सुबह 11:40 बजे विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य भवन के सामने वृक्षारोपण से हुई। बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आयोजकों का कहना था कि बढ़ते प्रदूषण के बीच हरियाली को बढ़ाना और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है।

वृक्षारोपण के बाद मुख्य प्रवेश द्वार के निकट ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता ने छात्रों की रचनात्मकता को एक नया आयाम दिया। विभिन्न संकायों से आए प्रतिभागियों ने कबाड़ और अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक और उपयोगी सामग्री तैयार कर सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कचरा प्रबंधन, पुन: उपयोग और पर्यावरण-संवेदनशील सोच को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता में स्कूल ऑफ कॉमर्स की छात्राओं—कविता कुमारी, सुप्रिया कुमारी और लावण्या कुमार सिंह—ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का संचालन ईको मित्रा क्लब के चेयर श्री अरिंदम रॉय और ज़ेवियर आर्ट क्लब की मेंटर सुश्री प्रिया गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। डॉ. राकेश कुमार पाठक, डीन (गतिविधियाँ), ने पूरे आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति रेव. फादर (डॉ.) मार्टिन पोरास, एस.जे. ने पर्यावरण संरक्षण की इस पहल को सराहते हुए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय ने छात्रों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण-मुक्त भविष्य की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *