क्रिसमस पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश, अटल बिहारी वाजपेयी को भी दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह के संदेश समाज में शांति, करुणा और सद्भाव को और मजबूत करें। दुनिया भर में 25 दिसंबर को ईसा मसीह के जन्मोत्सव के रूप में क्रिसमस मनाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि क्रिसमस का पर्व प्रेम, सहानुभूति और आशा का संदेश देता है और यह समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है।

इसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती भी मनाई जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व देश के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा मार्गदर्शक बना रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वाजपेयी जी ने अपना पूरा जीवन सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर दिया। वे न केवल एक ओजस्वी वक्ता थे, बल्कि संवेदनशील कवि के रूप में भी उन्हें सदैव याद किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श है। प्रधानमंत्री के अनुसार, वाजपेयी के जीवन से यह संदेश मिलता है कि महानता पद से नहीं, बल्कि आचरण से स्थापित होती है।

गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था और उनका निधन 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली में हुआ। केंद्र सरकार उनके जन्मदिवस को ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *