पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस नियुक्त जस्टिस संगम कुमार साहू होंगे 47वें प्रमुख न्यायाधीश
पटना (02 जनवरी 2026) — भारत सरकार ने आज एक महत्वपूर्ण निर्णय में न्यायमूर्ति (जस्टिस) संगम कुमार साहू को पटना हाईकोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त करने की अधिकारिक अधिसूचना जारी की है। यह नियुक्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्वीकृति के साथ न्याय विभाग ने औपचारिक रूप से जारी की है।
सरकारी स्रोतों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिसंबर 2025 में बैठक कर जस्टिस साहू को पटना हाईकोर्ट के 47वें चीफ जस्टिस के रूप में नियुक्ति के लिए सिफारिश की थी। इसके पश्चात केंद्र सरकार ने इस अनुशंसा को मंज़ूरी दे दी। फिलहाल, न्यायमूर्ति सुधीर सिंह एक्टिंग चीफ जस्टिस के रूप में कार्यभार संभाले हुए थे।
न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू पूर्व में ओड़िशा हाईकोर्ट में न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे। उनके अनुभव और न्यायिक कौशल को देखते हुए उन्हें उच्च न्यायालय की सर्वोच्च भूमिका सौंपी गई है। इस नियुक्ति के साथ ही न्यायपालिका में अपेक्षित न्यायिक संतुलन और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।