खगड़िया में समृद्धि यात्रा के तहत विकास योजनाओं की समीक्षा, सीएम नीतीश बोले – सात निश्चय-3 से आसान होगा लोगों का जीवन

खगड़िया:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में शुक्रवार को खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या-39 स्थित संसारपुर मैदान में जिले से जुड़ी विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली और कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 तथा सात निश्चय-3 के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जिले में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जाए और सात निश्चय-3 के अंतर्गत निर्धारित योजनाओं पर भी तेजी से काम शुरू किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद बिहार को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के उद्देश्य से सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना और उनके जीवन को सरल बनाना है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज के हर व्यक्ति को सम्मान मिले और उनका जीवन यापन आसान हो। इसके लिए सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उद्योग लगाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य में स्टार्टअप नीति लागू की गई है ताकि युवा अपने स्वयं के रोजगार की शुरुआत कर सकें। सरकार का उद्देश्य है कि बिहार के युवा दक्ष और आत्मनिर्भर बनें तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिलें।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री सह खगड़िया जिले के प्रभारी मंत्री मदन सहनी, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *