नीतीश कुमार चौथी बार निर्विरोध जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, बबलू मंडल ने बताया ‘सुशासन की जीत’
खगड़िया, संवाददाता:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर चौथी बार निर्विरोध चुने जाने पर खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे बिहार और जेडीयू के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच ने बिहार को विकास और सुशासन की नई पहचान दी है। जो राज्य कभी पिछड़ेपन और अव्यवस्था के लिए जाना जाता था, आज वही विकास, सामाजिक न्याय और बेहतर प्रशासन के लिए पहचाना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में आधारभूत संरचनाओं का व्यापक विकास हुआ है। सड़कों और पुलों का जाल बिछा, गांव-गांव तक बिजली पहुंची और शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। विद्यालयों और महाविद्यालयों की संख्या बढ़ी है, वहीं अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार कर आम जनता को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर भी विधायक ने मुख्यमंत्री की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायती राज एवं नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को नेतृत्व का अवसर दिया गया है। साथ ही साइकिल योजना, पोशाक योजना जैसी पहल से छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा मिला है।
विधायक ने कहा कि सरकार ने गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। कानून-व्यवस्था में सुधार और प्रशासनिक पारदर्शिता के कारण बिहार तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और जेडीयू का जनाधार देशभर में और मजबूत होगा।
इस अवसर पर जेडीयू के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें दीपक सिन्हा, अजय मंडल, राज कुमार फोगला, संदीप केडिया, अविनाश पासवान, मो. फिरदौस आलम, सुभाष कुमार और संतोष कुमार साह शामिल थे।