2027 यूपी चुनाव का बिगुल: अखिलेश यादव ने अभियान की शुरुआत, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ/नोएडा, प्रतिनिधि।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 29 मार्च को गौतमबुद्ध नगर के दादरी/नोएडा क्षेत्र से अपने चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत की, जिससे राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

इस दौरान अखिलेश यादव ने वर्तमान भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हो गए हैं और जनता अन्याय व भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव बदलाव का चुनाव होगा और समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में उतरी है।

पार्टी की रणनीति के तहत इस अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से की गई है, जिसे राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह वही क्षेत्र है जहां से 2012 में भी पार्टी ने चुनावी अभियान शुरू किया था और उसे बड़ी सफलता मिली थी।

समाजवादी पार्टी इस बार ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण पर विशेष जोर दे रही है और इसी के जरिए व्यापक जनसमर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। पार्टी का लक्ष्य शुरुआती दौर से ही माहौल बनाकर 2027 के चुनाव में मजबूत स्थिति हासिल करना है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि समय से पहले अभियान शुरू करना समाजवादी पार्टी की रणनीतिक चाल है, जिससे वह भाजपा के खिलाफ मजबूत चुनौती पेश कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *