सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या पर गरमाई बंगाल की राजनीति, टीएमसी ने की CBI जांच की मांग
कोलकाता: भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद बंगाल की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मामले की कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
टीएमसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक हिंसा और हत्याओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। पार्टी ने मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि घटना की निष्पक्ष जांच हो सके।
दरअसल, बुधवार रात मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। गंभीर रूप से घायल रथ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
वहीं भाजपा ने इस हत्या को “पूर्व नियोजित राजनीतिक साजिश” बताते हुए टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके सहयोगी की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई और इसके पीछे राजनीतिक कारण हो सकते हैं।
घटना के बाद राज्य पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है और सीसीटीवी फुटेज सहित कई अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं।