IAS अधिकारियों योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी

स्पेशल विजिलेंस यूनिट की कार्रवाई, ठेकेदार से सांठगांठ और विदेशी यात्राओं के खर्च उठाने के आरोप

By अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

पटना, संवाददाता:
बिहार में चर्चित टेंडर घोटाले की जांच तेज हो गई है। इसी कड़ी में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने पटना स्थित वरिष्ठ IAS अधिकारियों योगेश कुमार सागर और अभिलाषा कुमारी शर्मा के आवासों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित टेंडर हेराफेरी और भ्रष्टाचार मामले में की गई है, जिसमें एक ठेकेदार के जरिए अधिकारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप सामने आए हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे मामले का केंद्र बिंदु ठेकेदार रिशु श्री है, जिस पर सरकारी टेंडरों में हेरफेर कर अपनी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का आरोप है। आरोप है कि उसने कई वरिष्ठ अधिकारियों को महंगे उपहार, विदेशी यात्राएं और अन्य सुविधाएं देकर अनुचित लाभ दिलाया।

सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर SVU ने यह कार्रवाई शुरू की। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ठेकेदार ने IAS अधिकारी योगेश सागर और उनके परिवार की विदेश यात्राओं का खर्च उठाया था। वहीं, अभिलाषा शर्मा के आवास पर निजी कार्यों पर भी लाखों रुपये खर्च किए जाने के आरोप हैं।

इस मामले में पहले ही ठेकेदार की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसके ठिकानों से करोड़ों रुपये के जेवरात और नकदी बरामद की गई थी। जांच एजेंसियां अब वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि इस घोटाले की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और इसमें कई अन्य अधिकारियों और इंजीनियरों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ सकती है। फिलहाल, दोनों IAS अधिकारियों पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *