रिटायर्ड जज से भरत की मां बोलीं- ‘हत्यारों को फांसी हो’, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप; मुठभेड़ स्थल का किया निरीक्षण
आरा/भोजपुर: कथित एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी मामले की जांच के लिए पहुंचे रिटायर्ड जज विनोद कुमार के सामने परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। भरत की मां ने भावुक होकर कहा कि उनके बेटे के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “प्रशासन गुंडा है” और आक्रोश में एसडीएम के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जांच के दौरान रिटायर्ड जज विनोद कुमार ने भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां पुलिस और भरत तिवारी के बीच कथित मुठभेड़ हुई थी।
परिजनों ने जांच टीम के सामने दावा किया कि भरत का एनकाउंटर फर्जी था और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है और सभी तथ्यों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर क्षेत्र में लगातार तनाव बना हुआ है। इस मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का गांव पहुंचना जारी है, जबकि परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Report by
Anirudh Narayan
Intern TWMNEWS