पटना के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पर EOU का शिकंजा, बिहार से दिल्ली तक फैली करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

पटना:
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने पटना के भवन निर्माण विभाग में तैनात सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पवन कुमार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। टीम ने बुधवार को एक साथ छह ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये की संदिग्ध संपत्ति का खुलासा किया है।

EOU की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंजीनियर के पास उनकी ज्ञात आय से करीब 3.89 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति है, जो लगभग 103.94 प्रतिशत ज्यादा बताई जा रही है। इस आधार पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

बिहार से दिल्ली तक फैला नेटवर्क
छापेमारी पटना, भागलपुर, नोएडा और नई दिल्ली समेत कुल छह स्थानों पर की गई। इनमें पटना के श्रीकृष्णापुरी स्थित फ्लैट, कार्यालय, भागलपुर का आवास, नोएडा के दो फ्लैट और दिल्ली के द्वारका स्थित संपत्ति शामिल हैं।

सत्यापन के बाद मिली कार्रवाई की अनुमति
EOU को पहले से ही इंजीनियर की आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद पटना के विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

नकदी, निवेश और दस्तावेजों की जांच जारी
छापेमारी के दौरान टीम ने अचल संपत्ति, बैंक खातों, निवेश, नकदी और आभूषण से जुड़े दस्तावेज खंगाले हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

जांच जारी, बढ़ सकती हैं मुश्किलें
EOU के मुताबिक यह मामला अभी शुरुआती चरण में है और जांच के आधार पर आगे गिरफ्तारी या अन्य कानूनी कार्रवाई भी संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *