बाल विवाह के खिलाफ बच्चों का प्रभावशाली प्रदर्शन

“पंख कतरने मत दो” ने जगाई सामाजिक चेतना, 11 दिवसीय नाट्य कार्यशाला का भव्य समापन

अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न

पटना। मंगलवार, 30 जून 2026 को रस-रंग, पटना एवं रेनबो, रोहतास द्वारा आयोजित 11 दिवसीय नाट्य कार्यशाला का भव्य समापन रस-रंग कार्यालय, बलम्मीचक, अनिसाबाद (फुलवारी शरीफ, पटना-2) में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि श्री प्यारेलाल जी, रस-रंग के अध्यक्ष शिवचंद्र प्रसाद गुप्ता, रेनबो, रोहतास की सचिव एवं अध्यक्ष सुश्री निशा कुमारी, श्री अजीत कुमार तथा संस्था के संरक्षक ठाकुर राम अशीष प्रसाद ने सहभागिता निभाई।

इस कार्यशाला के दौरान बच्चों को पेंटिंग, योग, संगीत और नृत्य सहित विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों में निशा कुमारी, अजीत कुमार, अभिजीत चक्रवर्ती, मोहम्मद जफ्फर आलम एवं साहिल सिन्हा शामिल रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यशाला के समापन अवसर पर निर्देशक राज कपूर के निर्देशन में बच्चों द्वारा तैयार नाटक “पंख कतरने मत दो” का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया। यह नाटक बाल विवाह और बालिका शिक्षा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर आधारित था। नाटक की कहानी लाडो नामक एक प्रतिभाशाली लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो डॉक्टर बनने का सपना देखती है, लेकिन सामाजिक दबाव और रूढ़िवादी सोच के कारण उसके माता-पिता उसकी कम उम्र में शादी तय कर देते हैं।

नाटक में यह दर्शाया गया कि कैसे जागरूक समाजसेवियों के हस्तक्षेप से परिवार को अपनी गलती का एहसास होता है और अंततः वे लाडो की पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए उसकी शादी रोक देते हैं। इस प्रस्तुति ने समाज में शिक्षा के महत्व और बाल विवाह के दुष्परिणामों पर गहरा संदेश दिया।

नाटक में अंचला शर्मा एवं आदित्य राज ने सूत्रधार की भूमिका निभाई, जबकि आर्य सिन्हा ने लाडो, प्राथवी राय ने उसकी मां कावेरी, शुभांगी साहू ने पिता राम प्रसाद, अनुप्रीत शर्मा ने बिचौलिया धनीराम, ईशु नीति ने समाजसेविका गीता दीदी तथा राजवर्धन कुमार ने पुलिस अधीक्षक की भूमिका निभाई। अन्य कलाकारों में आशीष रंजन एवं आयशा सिन्हा शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। दर्शकों में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों के अभिनय की सराहना की और आयोजन की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन रस-रंग के सचिव राज कपूर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *