योग्यता और जरूरत के आधार पर होंगे शिक्षकों के तबादले, बिहार सरकार की नई नीति लागू
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पटना। बिहार सरकार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर नई नीति लागू कर दी है। इस नई व्यवस्था के तहत अब शिक्षकों का तबादला योग्यता और विद्यालयों की वास्तविक आवश्यकता के आधार पर किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और स्कूलों में शिक्षकों का संतुलित वितरण सुनिश्चित हो सकेगा।
नई नीति के अनुसार अब तबादला प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन होगी। शिक्षकों को अपनी पसंदीदा स्थानों के लिए आवेदन डिजिटल माध्यम से करना होगा, जिससे सिफारिश और मनमानी पर रोक लगेगी। शिक्षा विभाग हर स्कूल का विस्तृत डेटा तैयार कर रहा है, ताकि यह तय किया जा सके कि किस विद्यालय में शिक्षकों की कमी है और कहां अतिरिक्त शिक्षक मौजूद हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकता उन विद्यालयों को दी जाएगी जहां शिक्षकों का अभाव है, विशेषकर ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई शिक्षक की कमी के कारण प्रभावित न हो।
नई नीति में फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट के जरिए मनचाही पोस्टिंग पाने वालों पर भी सख्ती बरतने का प्रावधान किया गया है। ऐसे मामलों की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि गंभीर रूप से बीमार, दिव्यांग या विशेष परिस्थितियों वाले शिक्षकों को नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, पति-पत्नी दोनों शिक्षक होने की स्थिति में उनके मामलों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस नई नीति के लागू होने से न केवल तबादला प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, बल्कि राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा।