बाढ़ पीड़ितों के लिए ‘मसीहा’ बने सोनू सूद, बहन मालविका संग 180 घरों का पुनर्निर्माण
अनिरुद्ध नारायण, इंटर्न
पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर अपने सामाजिक कार्यों को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने अपनी बहन मालविका सूद के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अब तक 180 घरों का पुनर्निर्माण कर दिया है, जिससे सैकड़ों लोगों को नई जिंदगी की शुरुआत करने का अवसर मिला है।
हाल ही में सोनू सूद और उनकी बहन ने पंजाब के एक प्रभावित गांव का दौरा कर उन परिवारों से मुलाकात की, जिनके घर इस पहल के तहत बनाए गए हैं। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों की समस्याओं को करीब से समझा और उनके साथ समय बिताया।
सोनू सूद ने कहा कि बाढ़ के कारण कई परिवारों ने अपना सब कुछ खो दिया था। ऐसे समय में उनकी संस्था ने जिम्मेदारी लेते हुए न केवल राहत कार्य किया, बल्कि स्थायी समाधान के रूप में घरों का निर्माण भी शुरू किया। उन्होंने बताया कि कुल 250 घर बनाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 180 घर पूरे किए जा चुके हैं, जबकि बाकी निर्माण कार्य जारी है।
इस परियोजना में ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ और अन्य सहयोगी संस्थाओं ने मिलकर काम किया। मालविका सूद ने भी जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रभावित परिवारों की जरूरतों का आकलन किया और निर्माण कार्य की निगरानी की।
सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि आपदा घरों को तोड़ सकती है, लेकिन लोगों का हौसला नहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सिर्फ दीवारें बनाई हैं, असली ताकत उन परिवारों की दुआओं में है।
गौरतलब है कि सोनू सूद पहले भी कोरोना काल और अन्य आपदाओं के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं। पंजाब बाढ़ राहत कार्य में उनकी यह पहल न केवल पुनर्वास का उदाहरण है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की मिसाल भी बन गई है।