मुंगेर को मिली शिक्षा की बड़ी सौगात: सीएम सम्राट ने 10 मॉडल विद्यालयों का किया शुभारंभ

मुंगेर, संवाददाता:
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर प्रखंड स्थित लौना गांव में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करते हुए 10 मॉडल विद्यालयों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श) विद्यालय सह +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय का विधिवत उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन मॉडल विद्यालयों का विकास किया गया है। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर कक्षाएं और समृद्ध पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उद्घाटन किए गए विद्यालयों में लौना का +2 किसान वैदिक उच्च विद्यालय सहित गनैली, रनग्राम, असरगंज, चाखंड, संग्रामपुर, बढ़ौनियां, मंझगांय, हवेली खड़गपुर और मुजफ्फरगंज के चयनित विद्यालय शामिल हैं। जिला परियोजना प्रबंधन इकाई, मुंगेर की अनुशंसा पर इन्हें सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और विभिन्न कक्षाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत करते हुए उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *