फ्लाईदुबई के घायल कैप्टन स्मित मच्छर अबू धाबी शिफ्ट, विदेश मंत्रालय ने कहा- स्वास्थ्य पर करीब से नजर

नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के दौरान घायल हुए भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर को आगे के इलाज और स्वास्थ्य लाभ के लिए सऊदी अरब के तबुक से अबू धाबी स्थानांतरित किया गया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को बताया कि भारत उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि कैप्टन मच्छर को तबुक के अस्पताल में प्रारंभिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा देखभाल और रिकवरी के लिए अबू धाबी ले जाया गया है।

भारतीय राजदूत ने अस्पताल में की मुलाकात

यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने अबू धाबी के अस्पताल में कैप्टन मच्छर से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इससे पहले उन्होंने कैप्टन के परिवार से भी मुलाकात की थी और हर संभव सहायता का भरोसा दिया था। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।

विदेश मंत्रालय ने कैप्टन मच्छर के साहस की सराहना करते हुए कहा कि भारत उनके पराक्रम को सलाम करता है। मंत्रालय ने दुनियाभर से मिल रहे समर्थन और प्रशंसा के लिए भी आभार जताया।

राजदूत दीपक मित्तल के अनुसार, कैप्टन मच्छर की हालत स्थिर है और वह अच्छी तरह रिकवर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मच्छर बातचीत कर रहे हैं और मुस्कुरा भी रहे हैं, जो उनके परिवार के लिए राहत की बात है।

उड़ान में हुआ था गंभीर घटनाक्रम

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर गंभीर घटना हुई थी, जिसमें कैप्टन मच्छर घायल हो गए। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने कैप्टन मच्छर के साहस की सार्वजनिक रूप से सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर ने अन्य लोगों की जान बचाने के लिए साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *