SIR विवाद पर तेजस्वी का चुनाव आयोग पर हमला, INDIA गठबंधन का बड़ा आंदोलन का ऐलान

पटना: बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर INDIA गठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई। बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा है। उन्होंने चुनावी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की अवधि को लेकर भी सवाल उठाया। तेजस्वी के मुताबिक, पहले मतदान से जुड़े रिकॉर्ड एक साल तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था थी, जिसे अब घटाकर 45 दिन कर दिया गया है। उन्होंने इस बदलाव के पीछे की वजह पर सवाल खड़े किए।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त के चयन की प्रक्रिया में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) शामिल होते थे, लेकिन अब उन्हें इस प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।

तेजस्वी ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और SIR की शुरुआत भी बिहार से हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की व्यवस्था को भी कमजोर किया गया है।

INDIA गठबंधन करेगा मार्च और रैली

SIR के मुद्दे पर INDIA गठबंधन ने आंदोलन का फैसला लिया है। तेजस्वी यादव ने बताया कि गठबंधन के दल बिहार में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ मार्च निकालेंगे। इसके साथ ही देशभर में रैलियां आयोजित करने की तैयारी है। पटना में भी विपक्षी दलों की बड़ी रैली प्रस्तावित है।

बैठक में VIP प्रमुख मुकेश सहनी समेत INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं की मौजूदगी रही। SIR को लेकर विपक्ष लगातार मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में यह मुद्दा और गरमाने के आसार हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *