पटना में INDIA ब्लॉक का राजभवन मार्च, तेजस्वी समेत कई नेता हिरासत में
पटना। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को पटना में जोरदार हो गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर ‘आक्रोश मार्च’ निकाला। पुलिस ने मार्च को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें, VIP प्रमुख मुकेश सहनी और RJD सांसद मीसा भारती समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने प्रदर्शन स्थल को खाली कराने के लिए नेताओं को आगे ले जाया।
SIR को लेकर विपक्ष का विरोध
विपक्षी दल बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। INDIA ब्लॉक की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और SIR से जुड़े मुद्दों पर जवाब दिया जाए। विपक्ष ने बिहार में दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई है।
विधानसभा के पास भारी पुलिस बल तैनात
मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। विधानसभा और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिसके कारण प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
यह प्रदर्शन INDIA ब्लॉक के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत विपक्षी दल SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार विरोध जता रहे हैं।